बांका में 46 फीसद मतदान
जागरण संवाददाता, बांका : बांका विधानसभा के उप चुनाव का मतदान गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव में 45.7 फीसद मतदान हुआ। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी साकेत कुमार ने की। इस दौरान चुनाव में व्यवधान पहुंचाने के आरोप में मतदान केंद्र संख्या-151 से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। 15 वाहन जब्त किए गए।
मतदान केंद्र संख्या-19 मध्य विद्यालय डोमाखांड में ग्रामीणों ने सड़क के लिए मतदान का बहिष्कार किया। यहां 581 मतदाता हैं। इसके अलावा फुल्लीडुमर, चिलमिल, हिजरार में भी बहिष्कार की तैयारी थी। पर बाद में वहां मतदान करा लिया गया। ढाका, लाढोमाटी व लक्ष्मीपुर बूथ पर ईवीएम गड़बड़ी के कारण देरी से मतदान शुरू हुआ।
बाराहाट प्रखंड के चिलमिल में भी ग्रामीणों ने वोट बहिष्कार का एलान किया था। बाद में अधिकारियों के समझाने के बाद सुबह 11 बजे से वहां मतदान शुरू हो पाया। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे। बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती के अलावा सड़कों पर पुलिस गश्त भी तेज रही। डीएम व एसपी डॉ. सत्यप्रकाश समेत अन्य अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र घोषित होने के कारण मतदान प्रात: सात से संध्या चार बजे तक चला।