देर रात तक बूथ पर पहुंचे मतदान कर्मी
संवाद सूत्र, बाराहाट (बांका) : बाराहाट की जनता लोकतंत्र के प्रति बेहद आस्थावान है। गुरुवार को बाका विधान सभा उपचुनाव के मतदान के दौरान भी उनकी सक्रियता बरकरार रहने की उम्मीद है। उपचुनाव के दौरान बाका विधान सभा में कुल छह उम्मीदवार मैदान ए जंग में हैं। बाराहाट प्रखण्ड बाका विधान सभा क्षेत्र की हृदय स्थली के रुप में जाना जाता हैं। गुरुवार को प्रखण्ड के 99 मतदान केंद्रों के अलावा एक अतिरिक्त मतदान केन्द्र पर उपचुनाव होने जा रहा है। इन मतदान केन्द्रो पर 92 हजार 307 मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत लिखेंगे। मतदाताओं की हिफाजत के लिए सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। अर्द्धसैनिक बल के अलावा बीएमपी के जवान अभी से ही तैनात दिखायी दे रहा है। बूथों पर सुबह से ही चलंत सेक्टर दंडाधिकारी हर गतिविधि का ख्याल रखेंगे। बीडीओ सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि सभी सेक्टर दंडाधिकारी मतदान प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व से ही क्षेत्र के बूथ पर भ्रमणशील रहेंगे। किसी भी सूचना पर वे तत्काल पहुंचेंगे। मतदान शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से मॉक पोल कराएंगे। ताकि यह पता चल सके कि ईवीएम का सभी बटन सही काम कर रहा है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरूवार को मतदान कराया जायेगा। प्रखण्ड के कुल 100 बूथों पर मतदान की हर तैयारी पूरी कर ली गयी है। बूथ पर देर शाम तक मतदान कर्मी पहुंचते रहे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा।