इंदिरा आवास में उगाही करने आया ठग बाइक छोड़ फरार
संवाद सूत्र, बेलहर, बांका : इंदिरा आवास बनवाने के नाम पर ठगी करने आया एक बिचौलिया गुरुवार को लूल्हा गांव में बेनकाब हो गया। जानकारी के अनुसार अपने को जन जागृति मंच का सदस्य बताते हुए नगेल गांव का बबलू यादव गुरुवार को बेलहर प्रखंड का लूल्हा गांव आया था। वह अधूरे इंदिरा आवास वाले लाभुकों की पहचान कर उससे दो से पांच रुपया तक वसूल रहा था। उसका कहना था कि, जिस लाभुक का घर अधूरा है उसे बांकी का 35 हजार रूपया मकान बनाने के लिए दिया जाना है। इसके लिए वह काम कर रहा है। जिस लाभुक को राशि लेनी है वह खर्च का कम से कम दो सौ रुपया जमा करे। दर्जन भर लाभुकों से वह हजारों रुपया ठग भी चुका था। तभी इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को लगी। इसके माध्यम से सूचना पुलिस तक गई। बस क्या था, पुलिस के पहुंचते ही ठग बाइक छोड़ कर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने ठगे गए लाभुकों का बयान दर्ज किया। ठग की बाइक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस नगेल गांव के उक्त बबलू कुमार यादव का पता लगा रही है। ठगी का यह मामला उजागर होने से आसपास के लाभुक सकते में हैं। ठग की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी।