भूमि विवाद को ले बमबारी में एक जख्मी, पांच गिरफ्तार
संवाद सूत्र, धोरैया, बांका : जयपुर पंचायत के लक्ष्मीकित्ता गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मंगलवार को बमबारी की घटना में एक व्यक्ति जख्मी हो गया। बमबारी की घटना के बाद लोगों के बीच दहशत फैल गई। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना स्थल से दो जिन्दा बम भी बरामद हुआ है। इस बाबत थानाध्यक्ष राजेश कुमार मंडल एवं अवर निरीक्षक गुलाम अंसारी ने घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मीकित्ता गांव निवासी महेन्द्र ठाकुर एवं छेदी ठाकुर के बीच जमीन को लेकर कई वर्षो से विवाद चला आ रहा है। महेन्द्र ठाकुर जब उस विवादित जमीन को ट्रैक्टर से जोत करा रहा था। इसी दौरान छेदी ठाकुर, शिव ठाकुर, राम ठाकुर आदि वहां पहुंचकर ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया। बात इतनी बढ़ गई कि ईट, पत्थर के साथ साथ बमबारी शुरू हो गई। इस घटना में टूटू ठाकुर जख्मी हो गया। घटना की सूचना पाते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो जिंदा बम के साथ एक बम का अवशेष बरामद करते हुए दोनों पक्षों के शिव कुमार ठाकुर, राम ठाकुर, छेदी ठाकुर, रिंकू ठाकुर, टूटू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें 23 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। प्रथम पक्ष के वादी टूटू ठाकुर एवं द्वितीय पक्ष के वादी रामकुमार ठाकुर हैं। पुलिस ने दोनों बम को पानी में डालकर निष्क्रिय कर दिया।