डीआइजी ने लिया कांवरिया पथ की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
संवाद सूत्र, बेलहर, बांका : भागलपुर प्रेक्षत्र के डीआइजी संजय कुमार सिंह ने सोमवार को कांवरिया पथ की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान धौरी स्थित अस्थायी थाना में बैठक कर एसपी से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस छाबनी बनाई जाती थी। लेकिन इस बार से कांवरिया पथ पर अस्थायी पुलिस थाना की स्थापना की गई है। अस्थायी थाना में स्टेशन डायरी से लेकर सभी तरह की शिकायत पुस्तिका उपलब्ध है। उन्होंने कांवरिया पथ पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस जवान, फायर बिग्रेड, एंबुलेंस सुविधा सहित अन्य व्यवस्था पर चर्चा की। मुंगेर, बांका सीमा स्थित बेलहर नदी तट की भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इस दौरान एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि नदी तट पर पुलिस की व्यवस्था का प्रावधान नहीं है। लेकिन कांविरयों की सुरक्षा को देखते हुए जवानों को लगाया गया है। इस अवसर पर अभियान एसपी अरूण कुमार, बेलहर डीएसपी पियूषकांत, पुलिस इंस्पेक्टर मुकतेश्वर प्रसाद, धौरी के आशीष, बसंत कुमार, अभिषेक कुमार सहित अन्य मौजूद थे।