महिलाओं का आह्वान, सभी करें मतदान
संवाद सहयोगी, बांका: लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। ठीक 24 घंटे बाद मतदान आरंभ हो जाएगा। प्रचार-प्रसार का शोर भी थम चुका है। फलाफल मतदाताओं का उत्साह भी अब परवान चढ़ने लगा है। वे भी चुनाव को लेकर अपना निर्णय ले चुके हैं। इसी कड़ी में महिला मतदाता भी वोट डालने को लेकर काफी उत्साहित हैं। वे अपने काम-काज से पहले मतदान केंद्रों पर जाकर ईवीएम का बटन दबाने की तैयारी कर चुकी हैं। उनका कहना है कि पांच साल के दरम्यान यह मौका मिलता है। इस मौलिक अधिकार का उपयोग बेहद जरूरी है। यद्यपि वे भी मानती हैं कि वोट डालने के पहले प्रत्याशियों का चयन करना अति आवश्यक है। इससे क्षेत्र ही नहीं पूरे देश का भविष्य छुपा रहता है। उनका कहना है कि जिस प्रत्याशी में चहुंमुखी विकास का सही प्रतिबिंब नजर आयेगा, वे उन्हीं के पक्ष में मतदान करेंगी। उनका सांसद ऐसा होना चाहिए जो अबला का मसीहा बने, गरीबों के उत्थान के लिए उचित पहल कर सके। उन्होंने लोगों से भी आह्वान किया कि वे खुलकर मतदान करें। प्रस्तुत हैं महिलाओं से बातचीत का प्रमुख अंश..
शर्मिला मिश्रा-भारतीय लोकतंत्र में मतदान का हक सभी मतदाताओं का है। वे इसका इस्तेमाल कर देश की दशा-दिशा तय कर सकते हैं। साथ ही किस प्रत्याशी के पक्ष में वोट करना है, इसका फैसला अवश्य करना चाहिए। वे सच्चे व स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशी को वोट करेंगी।
अर्चना कुमारी-मतदान की अंतिम संध्या है। निश्चित तौर पर फैसला कर लेना चाहिए कि किन्हें वोट देना है। विकास जिसकी प्राथमिकता होगी, वे उन्हीं के पक्ष में ईवीएम का बटन दबाएंगी।
मिली मिश्रा-देश में महिलाओं को आधी आबादी का नाम दिया गया है। इसलिए सभी महिलाओं का फर्ज है कि पुरुष के मुकाबले वे भारी संख्या में मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना मतदान करें। मतदान का सही इस्तेमाल बेहद जरूरी है।
अंजनी देवी-जात-पात व धर्म से इतर जो प्रत्याशी विकास की बात करेगा, वे उन्हीं के पक्ष में अपना वोट डालेंगी। ताकि देश से अराजकता को खदेड़ा जा सकेगा। साथ ही महिलाओं को सच्चा हक प्राप्त हो सके।
सरिता देवी-महिलाओं का अपमान पूरे देश का अपमान है। जो महिलाओं को हक दिलाने के लिए आवाज बुलंद उठाएगा। वे उन्हीं को वोट करेंगी।
वृंदा देवी-महिला को सशक्त बनाने के लिए उन्हें शिक्षा व सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। जो प्रत्याशी महिलाओं को सशक्त बनाने की बात करेगा। वे उन्हीं के पक्ष में अपना मतदान करेंगी।