मोदी से रहें सावधान: सीएम
जागरण न्यूज नेटवर्क, बांका: बेलहर के झामा मैदान में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे रौ में दिखे। भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर उन्होंने जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के कथनी व करनी में कहीं तालमेल नहीं है। गुजरात इसका प्रत्यक्ष साक्ष्य है। गुजरात के कपास मजदूरों की स्थिति बद से बदतर है। श्री कुमार जदयू समर्थित भाकपा प्रत्याशी संजय कुमार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाना चाह रही है जिसके नाम से करोड़ों लोग सहम जाते हैं। उन्होंने भाजपा नेता को अफवाह मास्टर की संज्ञा देते हुए कहा कि इन लोगों ने बिहार सरकार को बदनाम करने के लिए चुटकी में बाजार से नमक गायब कर दिया। अब इसी पार्टी के नेता कुछ लोगों को पाकिस्तान भगा देने की बात कह रहे हैं। उन्हें जनता की शक्ति का एहसास नहीं है। उन्होंने राजद की भी जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि जनता ने राजद को पूरे 15 साल दिए। हुआ क्या। राजद ने बिहार को एक ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया, जहां से सुधार की उम्मीद तक करना कठिन था। सभा को जदयू प्रवक्ता संजय कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य मनोज यादव, निवर्तमान सांसद भूदेव चौधरी, विधायक गिरिधारी यादव, डॉ. जावेद इकबाल अंसारी आदि ने भी संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष कृष्णानंद भगत ने की।