आपदा में धैर्य सबसे बड़ा सहारा
संवाद सहयोगी, बांका: आपदा से बचाव पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ समाहरणालय सभागार में शनिवार को हुआ। इसमें एनडीआरएफ विहटा, पटना के प्रशिक्षकों द्वारा तीस लोगों को आपदा की स्थिति से निपटने की जानकारी दी गई। ये सभी मास्टर ट्रेनर होंगे जो बाद में प्रखंड व पंचायतों में जाकर लोगों को आपदा से निपटने की तरकीब बतायेंगे। इसमें आज जन सहित अंचल, प्रखंड व पुलिस कर्मी शामिल थे। अवर निरीक्षक प्रेम कुमार ने कहा कि सबसे मुख्य बात विपरीत स्थिति में संयम से काम लेना है। दुर्घटना के घटने के बाद लोग आपा खो बैठते हैं, जिससे ज्यादा नुकसान हो जाता है। हताश होने की बजाय प्राथमिक क्रिया करना चाहिए। उन्होंने रोड दुर्घटना, भूकंप, बाढ़, आग, सांप काटने, शरीर से ब्लड निकलने के बाद प्रथम उपचार क्या करना चाहिए, इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने खास कर स्कूल प्रबंधन के बारे में बताया। स्कूल में होने वाले आपदा जैसे आग लगना, संक्रमित भोजन आदि से बच्चों को बचाने के उपाय बताए। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर सभी कर्मियों को स्कूली बच्चे, ग्रामीणों, शहरवासी इत्यादि लोगों को आपदा से बचाव के बारे में जानकारी देने का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, प्रशिक्षक के रुप में देव कुमार पांडे, अनिल कुमार सुमन व रतन कुमार राय उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर