रबी का लक्ष्य तय, विभाग ने कसी कमर
संवाद सहयोगी, बांका: जिले में रबी फसल के लिए लक्ष्य तय हो गया है। इसके लिए कृषि विभाग भी अभी से कमर कसकर तैयार है। एक नवंबर को जिलास्तरीय रबी महोत्सव का आयोजन कर किसानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रखंडवार प्रशिक्षण का आयोजन होगा। रबी फसल खेती के बहाने खरीफ में हुए नुकसान की भी भरपाई की तैयारी है। डीएम बी कार्तिकेय द्वारा कृषि टास्क फोर्स की बैठक में इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि रबी फसल लगाने के लिए किसानों को विभाग द्वारा हर संभव मदद दिया जायेगा। इन्हें वैज्ञानिकों की देखरेख में खेती कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इसका बुआई का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। श्री कुमार ने कहा कि अनुदानित दर पर किसानों को बीज उपलब्ध कराया जायेगा। रबी फसल खेती कराने के लिए सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
जिले में रबी फसल बुआई का लक्ष्य
बीज हैक्टेयर भूमि
गेहूं- 36000
जौ- 200
चना- 4000
मकई- 4000
मसूर- 3000
मटर- 500
सरसों- 1500
अन्य दलहन-1000
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर