अब फुलचन की मां भी रटेगी क,ख,ग..
जागरण प्रतिनिधि, बांका : अब झुग्गी-झोपड़ी की महिलाओं के हाथों में भी किताब होगा। वह भी हस्ताक्षर करेगी और बच्चों को पढ़ाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ने झुग्गी-झोपड़ी महिला साक्षरता योजना की शुरुआत की है। जिले में 6,697 निरक्षर महिलाओं को पढ़ाने के लिए 670 केंद्र बनाए जाएंगे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर जिलाधिकारी बी कार्तिकेय ने सोमवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों व साक्षरता समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। मौके पर उन्होंने कहा कि विभाग झुग्गी-झोपड़ी महिलाओं का सर्वेक्षण कर सूची तैयार करें। महिलाओं को विद्यालय के शिक्षक ही पढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली महिलाओं में जागरुकता आये इसी के तहत अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षित होने से इनके जीवन शैली में सुधार होगी। महिलाओं में शिक्षा का प्रसार हो इसके लिए शिक्षकों को मेहनत करनी होगी। शिक्षक अपने दायित्व का निर्वाह सहीं ढंग से करेंगे तभी महिलाओं में शिक्षा के प्रति ललक जगेगी। शिक्षक इसे प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। डीएम ने कहा कि वे खुद योजना की स्थिति की जानकारी लेते रहेंगे। साथ ही केंद्र का भी निरीक्षण कर महिलाओं में शिक्षा के प्रगति की जानकारी लेंगे। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष इंदू देवी, डीइओ ज्योति कुमार, एडीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी जनार्दन विश्वास, मु.शम्सी आदि उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर