एकादशी तक हर हाल में कर लें प्रतिमा विसर्जन
हमारे प्रतिनिधि, बांका : थाना परिसर में शनिवार को दशहरा व बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी शिव कुमार पंडित की मौजूदगी में हुई। दशहरा को लेकर सभी पूजा आयोजन समिति को अविलंब प्रशासन से इसका लाइसेंस प्राप्त कर लेने को कहा गया। ताकि, वहां सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जा सके। सभी मेढ़पति को आयोजन समिति सदस्यों का नाम, मोबाइल नंबर के साथ थाना को उपलब्ध करा देने को कहा गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि पूजा समिति निश्चित रूप से दसवीं या फिर एकादशी तक अंतिम रूप से प्रतिमा का विसर्जन कर लें। ताकि, इसके बाद बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके। समय पर प्रतिमा विसर्जन नहीं होने से पुलिस-प्रशासन की परेशानी बढ़ेगी। इस पर उपस्थित सभी मेढ़पतियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे समय पर प्रतिमा विसर्जन कर लेंगे। मौजूद सामाजिक कार्यकत्र्ताओं ने दोनों त्योहार सादगी पूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर अनिल नाथ चोपड़ा, थानाध्यक्ष अरूण कुमार राय, सच्चिदानंद तिवारी, ओमप्रकाश मंडल, अभिषेक गौरव, प्रमोद राउत, रितेश चौधरी, आनंदी यादव, मोहन यादव, वामा चरण मित्रा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर