पंजवारा में छह वर्षीय मासूम से दुष्कर्म
संवाद सूत्र, पंजवारा (बांका) : स्वतंत्रता दिवस के दिन जब पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा था, उसी वक्त थाना क्षेत्र के माराटीकर गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक बड़ी घटना घटी। नशे में धुत एक युवक ने छह वर्षीय बच्ची से न सिर्फ दुष्कर्म किया बल्कि उसे मरने के लिए झाड़ी में फेंक दिया। देर रात घटना की जानकारी पर ग्रामीणों ने आरोपी युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। बच्ची को बेहतर इलाज के लिए बांका रेफर किया गया है।
गुरुवार की शाम गांव निवासी गुड्डू कुमार (20) बच्ची के नाना को खोजने के बहाने उसके घर आया। महिलाओं ने अंदर से ही उनके नहीं होने की बात कह दी। इस बीच गुड्डू ने दरवाजे के पास सोई छह वर्षीय रूबी कुमारी (काल्पनिक नाम) को देखा और उसे गोद में उठाकर बाहर लेता गया। पास स्थित सामुदायिक भवन में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान चीखने-चिल्लाने पर मारपीट भी की। इसके बाद उसे पास की झाड़ी में फेंक कर भागने का प्रयास करने लगा। रोने की आवाज पर लोग दौड़े और युवक को दबोच लिया। बच्ची के नाना के बयान पर इस मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। रात को ही बच्ची को इलाज के लिए पंजवारा अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल प्रभारी डॉ.सीडी प्रसाद ने बताया, बच्ची की हालत गंभीर है। मेडिकल चेकअप व इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया, बच्ची का घर बांका थाना क्षेत्र में है। वह अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। ग्रामीणों ने कहा, आरोपी युवक दिल्ली में रहता था, पिछले दिनों ही गांव लौटा है। उसकी शराब की लत के कारण गांववाले पहले से परेशान हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर