शहर में उन्मादी हुआ भैंसा, ली एक की जान
हमारे प्रतिनिधि, बांका : शहर पिछले दो दिनों एक उन्मादी भैंसे से आतंकित है। अब तक उसने आधा दर्जन से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है। जिसमें एक की सोमवार शाम इलाज के दौरान बांका सदर अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयनगर निवासी भैंरो रजक के रूप में की गई है। रविवार की शाम भैंसे ने उन्हें विजयनगर परिसदन के समीप शिकार बनाया था। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। भैंसे ने सोमवार की शाम मुर्गीडीह के पास विजयनगर के ही जोगो यादव पर हमला कर जख्मी कर दिया। किसी तरह लोगों ने उनकी जान बचाई। मुर्गीडीह में ही शंभूगंज से भोज खाने आये एक व्यक्ति को भैंसे ने अपना शिकार बनाया। उसे इलाज के लिए भागलपुर ले जाया गया है। अन्य जख्मी का निजी स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार भैंसे का आतंक शहर में तारामंदिर, डीएम कोठी चौक, मुर्गीडीह, विजयनगर से लेकर माणिकचक तक है। दो दिनों से इसके आतंक से पूरा बहियार दहशत में है। वैसे पुलिस और प्रशासन भैंसे के इस आतंक से अनजान बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि हमला के बाद भैंसा ओढ़नी नदी और उससे आगे निकल जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर