कांवरिया पथ पर धराया नकली महिला फूड इंसपेक्टर
निज प्रतिनिधि, चांदन, बांका: थाना क्षेत्र के गोरियारी नदी के समीप अपने को फूड इंसपेक्टर बताकर अवैध वसूली कर रही एक महिला की दुकानदारों ने पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। महिला ने अपना नाम उषा सिंह बताया है और अपने को उपभोक्ता फोरम का सदस्य बता रही है। वह बांका शहर की रहने वाली है। इधर थाना में लगातार बेहोश हो जाने के कारण फिलहाल उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार दोपहर से ही उक्त महिला वहां अपने को फूड इंसपेक्टर बताकर दुकानदारों को धमका रही थी। इस दौरान कई दुकानदारों से मोटी वसूली करने की बात भी सामने आयी। बाद में गाली-गलौज करने पर दुकानदार उग्र हो गए और महिला की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी। सूचना पर चांदन पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर थाना लायी। इधर आरोपी महिला का कहना है कि एक दुकान में वह खाना खाने गई। वहां खाना बनाने में रंग का उपयोग किया जा रहा था। उसी पर वे दुकानदार को डरा धमका रही थी। इसी बात पर दुकानदारों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि महिला थाना में बार-बार बेहोश हो जा रही थी, इसलिए घर वाले को बुलाकर उसे फिलहाल जमानत दे दी गई है। इस मामले की जांच की जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर