दहेज के लिए विवाहिता की जहर खिलाकर हत्या
निप्र.अमरपुर,बांका : थाना क्षेत्र के कुसुमखर गांव में शुक्रवार को दहेज की खातिर एक नवविवाहिता की जहर खिलाकर कर हत्या कर दिये जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खगड़िया जिला के मोथार निवासी गुलाब यादव ने अपनी पुत्री आरती की शादी पिछले साल ही कुसुमखर निवासी मक्खन यादव के पुत्र टुनटुन यादव से की थी। शादी के बाद से ही आरती को ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उसके साथ मारपीट भी की जा रही थी। शुक्रवार को मारपीट के बाद उसे जहर खिला दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि, ससुराल वालों ने आरती को सांप काट लिए जाने की अफवाह फैला दी। घटना की सूचना पर खगड़िया से विवाहिता के पिता गुलाब यादव कुसुमखर गांव पहुंचे। जहां उसकी पुत्री को जहर देकर मार दिये जाने की बात सामने आयी। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिस आधार पर पुलिस ने गांव पहुंच कर शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। इस संबंध में लड़की के पिता गुलाब यादव के बयान पर लड़की के पति टुनटुन यादव, ससुर मक्खन यादव, सास सेता देवी, भैंसुर अनिल यादव, ननद कविता देवी, पूजा, सुधा आदि को नामजद किया गया है। घटना के बाद सभी परिजन गांव छोड़ कर फरार हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस किसी अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर