पुनसिया में जमी चौपाल, किसानों को मिली जानकारी
बांका: कृषि विज्ञान केंद्र बांका द्वारा शनिवार को रजौन प्रखंड के पुनसिया में किसान चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विपुल कुमार मंडल ने विभिन्न अवधि वाले बिचड़े के तैयार होने के उपरांत उसकी रोपनी से संबंधी जानकारी किसानों को दी। डॉ. मंडल के साथ मौजूद अन्य वैज्ञानिकों ने किसानों को सुगंधित किस्म के धान की रोपाई चालू माह के प्रथम पखवाड़े में करने की सलाह किसानों को दी। इस मौके पर मौजूद महिला व युवा किसानों को डॉ. मंडल ने यहां मशरुम की खेती की संभावना से अवगत कराया। महिलाओं से इससे जुड़ने की अपील की और इसे स्वरोजगार का उत्तम साधन बताया। वैज्ञानिक शिखा चौधरी व मशरुम सलाहकार कमलेश पाठक ने प्रायोगिक तरीके से केंद्र पर उत्पादित मशरुम की पैकिंग आदि की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं के बीच बीज भी वितरित किया गया। सस्य वैज्ञानिक रघुवर साह ने श्रीविधि से धान उत्पादन से संबंधित जानकारी किसानों को दी। डॉ. शगुप्ता परवीन ने बरसात के समय मवेशियों में होने वाली बीमारी व बचाव के उपाय बताए। बाद में 16 जुलाई को विज्ञान केंद्र में जिला वन पदाधिकारी के सहयोग से मनाए जाने वाले पर्यावरण दिवस में भाग लेने की अपील भी किसानों से की गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर