कोहरे व ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त
घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
औरंगाबाद। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कोहरे व ठंड के कारण मजदूर काम करने के लिए घरों से नहीं निकल रहे हैं। सरकारी योजनाओं का कार्यान्वयन से लेकर निजी कार्य ठप पड़े हैं। कोहरे का असर रेलवे परिचालन से लेकर जीटी रोड पर पड़ा है। गया, मुगलसराय रेलखंड पर तमाम एक्सप्रेस ट्रेनें विलंब से चल रही है। गुरुवार को जीटी रोड पर ट्रकों की रफ्तार काफी कम रही है। कोहरे के कारण अधिकांश चालक ट्रकों को लाइन होटलों के किनारे खड़े किए रहे। कड़ाके की ठंड के बावजूद अब तक जिला प्रशासन के द्वारा अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। मदनपुर संवाददाता के अनुसार प्रखंड में कड़ाके की ठंड व घने कोहरे का कहर जारी है। पहड़तली इलाके में ठंड से लोग बेचैन हैं। गरीबों का बदन कांप रहा है। पूरे दिन शीतलहरी का कहर जारी रहा। ठंड के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। खेतों में चल रहा धान कटनी कार्य ठप पड़ा है। पशुपालकों को ठंड से अपने पशुओं को बचाने में काफी परेशानी हो रही है। गुरुवार को पूरे दिन लोगों को धूप का दर्शन नहीं हुआ। गोह संवाददाता के अनुसार घने कोहरे व ठंड से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कोहरे के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। ठंड से सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाली बच्चों को हो रही है। समाजवादी पार्टी के नेता रामअयोध्या प्रसाद यादव ने विद्यालय के समय में परिवर्तन करने, चौक चौराहों, बस स्टैंड एवं अस्पताल परिसर में अलाव जलाने की मांग जिला पदाधिकारी से की है। नवीनगर संवाददाता के अनुसार कोहरे एवं कड़ाके की ठंड का कहर पिछले पांच दिनों से जारी है। सोनतटीय एवं पहड़तली क्षेत्र के लोग ठंड से कांप रहे हैं। गुरुवार को पूरे दिन सूर्य भगवान के दर्शन नहीं हुआ। कोहरे के कारण कृषि कार्य बाधित है। किसानों से लेकर मजदूरों तक घरों में दुबके हैं। किसान श्यामबिहारी सिंह, नर्मदेश्वर पांडेय, राजेंद्र तिवारी, कमल किशोर तिवारी, वैकुंठ तिवारी, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ठंड एवं कोहरे के कारण धान कटनी कार्य बाधित है।