दूसरे दिन भी डोली धरती, मचा हड़कंप
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : रविवार को 12.41 बजे भूकंप के झटके आए। दुबारा भूकंप का झटका आने से नागर
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
रविवार को 12.41 बजे भूकंप के झटके आए। दुबारा भूकंप का झटका आने से नागरिकों में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकलकर मैदान ढूंढने लगे। आधे घंटे तक बाजार एवं मुहल्ले में अफरातफरी का माहौल रहा। कई घरों में दरार आने की सूचना है। भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण नुकसान अधिक नहीं हुआ है। शहर के महाराजगंज रोड स्थित चंदेल भवन में बड़ा दरार आया है। अरुण कुमार सिंह ने बताया कि करीब 45 फीट लंबी दरार दीवार में उभर आया है। मिनी बिगहा में भूकंप आने पर घर से बाहर निकल रही युवती गायत्री कुमारी गिरकर घायल हो गई। इलाज सदर अस्पताल में किया गया। भूकंप के कारण मोबाइल सेवा कुछ देर के लिए ठप हो गया। नेटवर्क फेल होने के कारण 10 मिनट तक मोबाइल पर बात नहीं हुई। एसडीओ भीम प्रसाद ने बताया कि नुकसान की कोई खबर नहीं है। वैसे भी भूकंप की तीव्रता कम थी जिस कारण नुकसान की आशंका नहीं है। श्रीकृष्णनगर, क्लब रोड, न्यू एरिया, पठान टोली, कुरैशी मुहल्ला, पुरानी जीटी रोड में जैसे ही नागरिकों ने भूकंप के झटके महसूस किए घर से बाहर निकल गए। भीतरी बाजार के कृष्णा कुमार पिंटू, राहुल राज, बराटपुर के सुशील कुमार रिंकू एवं न्यू एरिया के हर्ष राज ने बताया कि भूकंप के झटके से घर हिलने लगा। घर में रखा सामान भी हिल रहा था जिस कारण सभी लोग भागकर सड़क पर आ गए। प्रियव्रत पथ, गांधी नगर, शाहपुर ठाकुरबाड़ी रोड में जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए लोग मैदान की ओर दौड़ पड़े। करीब एक घंटे तक मैदान में जमे रहे। कई लोगों ने कहा कि लगता है प्रलय आएगा। लगातार भूकंप के झटके जीवन में नहीं देखे थे।