नवीन हत्याकांड में मिले अहम सुराग
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : शहर के रामाबांध निवासी ठेकेदार नवीन सिंह हत्याकांड के खुलासा में पुलिस
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
शहर के रामाबांध निवासी ठेकेदार नवीन सिंह हत्याकांड के खुलासा में पुलिस लगी है। एसपी बाबूराम स्वयं कांड का निगरानी कर रहे हैं। अब तक दो दर्जन जगहों पर पुलिस ने छापामारी की है। चर्चा है कि पुलिस का हाथ हत्यारों तक पहुंच चुकी है। मोबाइल के सहारे पुलिस हत्यारों की सुराग ढूंढने में लगी है। समय थोड़ा लगेगा परंतु पुलिस हत्यारों को धर दबोचेगी। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने बारुण थाना के खैरा गांव निवासी पंकज कुमार को हिरासत में लिया है। पंकज ने पूछताछ के दौरान कई राज उगले हैं। नवीन हत्याकांड की साजिश कहा रची गई, किसने नवीन को गोली मारी की जानकारी दी गई। पंकज बाईपास पर ट्रैक्टर टाली बेचने का कार्य करता है। पंकज के निशानदेही पर पुलिस ने झारखंड के बोकारो से कुख्यात अपराधी मो. सिकंदर पासवान को हिरासत में लिया है। सिकंदर से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ओबरा के बभंडीहा पंचायत मुखिया मो. आरिफ खान एवं हसपुरा के सोनहथु पंचायत मुखिया छोटू मेहता की हत्या मामले में सिकंदर जेल जा चुका है। कुछ ही माह पहले वह जेल से रिहा हुआ था। चर्चा है कि नवीन हत्याकांड में उसने शूटर की भूमिका निभाई है। पुलिस ओबरा थाना के कुशा गांव निवासी राहुल कुमार को ढूंढ रही है। राहुल की तलाश इसी मामले में है। एक अन्य हत्या मामले में राहुल का नाम सामने आया है। बताया जाता है कि नवीन हत्याकांड में अपराधियों ने जिस मोबाइल सिम का प्रयोग किया है वह राहुल के दुकान से ही खरीदी गई थी। पूरे मामले पर पुलिस की पैनी नजर है। राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आधे दर्जन जगहों पर छापामारी की है।