प्रबंधक के खिलाफ सड़क पर किसान
संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद) : धान क्रय की राशि के लिए किसानों ने शनिवार को सड़क जाम कर कर प्रदर्श
संवाद सूत्र, ओबरा (औरंगाबाद) :
धान क्रय की राशि के लिए किसानों ने शनिवार को सड़क जाम कर कर प्रदर्शन किया। औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ एनच-98 को घंटे भर जाम रखा। कोआपरेटिव बैंक के पास सड़क जाम किए किसान प्रबंधक अभिषेक कुमार पर राशि भुगतान में मनमानी करने का आरोप लगा रहे थे। किसानों ने कहा कि पैक्स के द्वारा बेचे गए धान की राशि सभी के खाते में जमा कर दी गई है परंतु खाता में पैसा नहीं जा रहा है। प्रबंधक पैसे का भुगतान नहीं कर रहे हैं। सुरखी गांव के किसान सुधीर कुमार पांडेय, रामजन्म सिंह, संजय पांडेय, अहिराड़ी के मनोज सिंह, मलवां डिहुरी के अरुण शर्मा, अदमा के जतन कुमार ने कहा कि बैंक का चक्कर लगाते हम थक चुके हैं। पैसा के अभाव में बच्चों का नामांकन विद्यालयों में नहीं हो रहा है। बीडीओ कुमार शैलेंद्र, सीओ अनिल चौधरी, थानाध्यक्ष ऋतुराज ने किसानों को समझाकर जाम हटाया। प्रबंधक से अधिकारियों ने बात की। प्रबंधक अभिषेक ने बताया कि राशि उपर से नहीं आई है। राशि आने पर भुगतान किया जाएगा।