बिना उपयोग के बर्बाद हो गया कंप्यूटर
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : सरकार छात्रों के लिए योजनाएं तो बनाती है पर अधिकारी एवं जिम्मेदार लोगों
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : सरकार छात्रों के लिए योजनाएं तो बनाती है पर अधिकारी एवं जिम्मेदार लोगों की लापरवाही से लागू नहीं हो पाती है। यह बानगी शहर के अनुग्रह इंटर कालेज गेट स्कूल में देखा जा सकता है। यहां छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा के लिए वर्ष 2006 में 30 कंप्यूटर उपलब्ध कराया गया था। इसके लिए अलग से एक भवन का निर्माण कराया गया पर आज हकीकत यह है कि सभी कंप्यूटर बिना उपयोग के बर्बाद हो गया। बना भवन जर्जर हो गया। कबाड़खाना में तब्दील हो गया है। भवन में कंप्यूटर के लिए वायरिंग तक नहीं की गयी। प्लास्टर का यह हाल है कि दीवार छोड़ गिरने लगा है। सरकार का लाखों रुपये पानी में चला गया। छात्र छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा का सपना पूरा नहीं हो सका। अभाविप के दीपक कुमार ने बताया कि इस मामले में जो भी दोषी हैं उनपर कार्रवाई होनी चाहिए। कालेज के प्रधानाध्यापक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि कंप्यूटर संचालन का जिम्मा जिस कंपनी को दिया गया था वह शुरू नहीं किया। भवन में न वायरिंग की गई और न सेटअप बैठाया गया। छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा के लिए इस विद्यालय के अलावा जिले के 31 विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराया गया। इसका भी हश्र ठीक नहीं है। गोह उच्च विद्यालय में कंप्यूटर बंद पड़ा है। कुछ अन्य विद्यालयों में भी यही हाल है। हालांकि विभाग एवं कंप्यूटर शिक्षक कहते हैं, जो भी विद्यालय में कंप्यूटर दिया गया है वह चल रहा है। छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा दी जाती है। डीपीओ रामप्रवेश सिंह ने बताया कि विद्यालयों में कंप्यूटर का संचालन आइएलएफएस आइसीटी कंपनी के द्वारा संचालन किया जा रहा है। उच्च विद्यालय मलहद, देवहरा, कर्मा, महाराजगंज, कन्या उच्च विद्यालय दाउदनगर, उच्च विद्यालय सीरीस में चोरों द्वारा कंप्यूटर की चोरी कर ली गई है।