मुठभेड़ के बाद सर्च आपरेशन जारी
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
टंडवा थाना क्षेत्र एवं झारखंड के पलामू जिला के सीमा पर रविवार को झारखंड पुलिस एवं नक्सलियों के बीच हुई गोलीबारी के बाद यहां की पुलिस के द्वारा सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सलियों के खिलाफ रविवार से चलाए जा रहे छापामारी अभियान सोमवार को भी जारी रहा। छापामारी अभियान का नेतृत्व एएसपी अभियान राजेश भारती कर रहे हैं। इनके साथ सीआरपीएफ एवं कोबरा के जवान शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीमा क्षेत्र पर बसे गांव कुलहिया, फूलवरिया के अलावा डोरा जंगल में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। सोन इलाके में भी पुलिस छापामारी की है। हालांकि झारखंड पुलिस के तरफ से कोई विशेष सहयोग नहीं मिलने के कारण आपरेशन में परेशानी हो रही है। सीमा बाधा होने के कारण यहां की पुलिस पलामू की सीमा में प्रवेश नहीं कर पा रही है। गोलीबारी के बाद माओवादी नक्सली झारखंड की सीमा में सरक गए हैं। मुठभेड़ के बाद से ही औरंगाबाद पुलिस अपने तरफ से नक्सलियों को घेरने में लग गई थी। दो दिनों से जारी आपरेशन में अब तक न तो किसी के गिरफ्तारी की सूचना है और न ही कुछ बरामदगी की। बता दें कि रविवार को माओवादी नक्सलियों ने कुलहिया गांव के पास गोलीबारी कर एक बोलेरो वाहन एवं एक बाइक को फूंक दिया है। हालांकि यह घटना पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में घटा है जिस कारण मामले की प्राथमिकी हरिहरगंज थाना में ही दर्ज किया गया है।