चोरी के सामान के साथ चालक धराया
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद :
नगर थाना पुलिस ने चोरी के जेवरात के साथ टेंपो चालक मनोज प्रजापति को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। चालक की गिरफ्तारी उसके घर मुफ्फसिल थाना के करहारा गांव से की गई है। गिरफ्तार टेंपो चालक के पास से झारखंड पुलिस फेसर थाना के करसांव गांव निवासी उमेश शर्मा की पत्नी से चुराया गया बैग एवं गहना को बरामद कर लिया गया है। नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मनोज का टेंपो भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सिपाही की पत्नी जब रांची से आ रही थी और जब वह ओवरब्रिज के पास उतरी तो इसी के टेंपो पर बैठकर रमेश चौक पहुंची। चालक ने महिला को झांसा देकर उतार दिया और उसका बैग लेकर फरार हो गया। इस बैग में महिला के गहने थे। महिला द्वारा इसकी शिकायत थाने में की गई थी। पुलिस ने बताया कि अन्य यात्रियों के साथ भी टेंपो चालक ने ऐसी घटना को अंजाम दिया है।