न्याय के लिए आमरण अनशन पर बैठी वृद्ध महिला
रमुना देवी ने गुरुवार से प्रखंड कार्यालय के समीप अपने बेटे कुंदन कुमार के साथ आमरण अनशन पर बैठ गई है।
अरवल। गोतिया द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बावजूद भी पुलिस पर सुरक्षा तथा न्याय देने में लापरवाही किए जाने का आरोप लगाते हुए महेंदिया थाना क्षेत्र के जमुहारी गांव निवासी रमुना देवी ने गुरुवार से प्रखंड कार्यालय के समीप अपने बेटे कुंदन कुमार के साथ आमरण अनशन पर बैठ गई है। कुंदन बधिर तथा गूंगा है। उसने साफ तौर पर कहा है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा वह अनशन पर बैठी रहेगी। आमरण अनशन पर बैठी रमुना देवी ने बताया कि उसे अपने ही गोतिया द्वारा हमेशा तंग किया जाता है। कई बार आग्रह किए जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रदान करने में लापरवाही बरती जाती है। उसने कहा कि आमरण अनशन की अग्रिम जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। इसके द्वारा जिला प्रशासन के माध्यम से मगध प्रमंडल आयुक्त को स्मार पत्र दिया गया है जबकि उसकी प्रति डीआईजी गया, डीएम, एसपी, एसडीओ तथा अरवल एवं महेंदिया के थानाध्यक्ष को भी दी गई है।