पिटाई से हुआ महिला का गर्भपात, दबंगों ने दबा दी बात
अररिया के जोकीहाट अंतर्गत चकई गांव की एक गर्भवती महिला की दबंगों ने इनती पिटाई की कि उसका गर्भपात हो गया। पीडि़त महिला इंसाफ मांग रही है, जबकि मामले को दबाया जा रहा है।
अररिया [जेएनएन]। दबंगों ने इतनी बर्बरता से पिटाई की कि महिला का गर्भपात हो गया। लेकिन, मामले को दबंगों की मदद से दबा दिया गया। पिटाई व गर्भपात के बाद महिला छटपटा रही थी गांव में मामले की लीपापोती को लेकर पंचायती हो हो रही थी। अब महिला किश्वरी ने अपनी मां और भाभी के साथ जोकीहाट थाना में आवेदन देकर इंसाफ की गुहार भी लगाई है। कई दिनों पहले की इस घटना की पुलिस एफआइआर दर्ज नहीं कर रही है।
यह है मामला
अररिया के जोकीहाट स्थित चकई गांव में किश्वरी के खेत में गांव के ही एक व्यक्ति अपने मवेशी से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। किश्वरी मवेशी को पकड़कर अपने पिता के घर ले जा रही थी। इसी बीच मवेशी मालकिन व उसकी बेटी ने मवेशी को छीनने की कोशिश की। मवेशी नही देने पर उन्होंने किश्वरी को गिराकर लात व मुक्कों से पीटा।
अजब गजब : इश्क चढ़ा परवान तो सास को ही ले उड़ा दामाद
दर्द से छटपटाती किश्वरी किसी तरह घर पहुंची। उसने घटना की जानकारी अपने पिता कारू व भाई अशफाक को दी। वे पीडि़ता को लेकर थाना आने लगे तो आरोपियों ने मामले की जानकारी कुछ दबंगों व सरपंच पति सउद को दी। इसी बीच दर्द से छटपटाती महिला किश्वरी का गर्भपात हो गया।
सरपंच के पति व अन्य ग्रामीणों ने पीडि़ता को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया। पंचायती भी हुई, लेकिन मामले का हल नही निकला। थक-हार कर वह अपनी मां बीबी अंशो और भाभी रेहाना के साथ झोला में मृत शिशु का भ्रूण लेकर जोकीहाट थाना पहुंची। लेकिन, पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है।
बिहार : शादी में तमंचे पर जवानों का डिस्को, फाटो व वीडियो वायरल
इंसाफ के लिए भटक रही पीडि़ता
जोकीहाट थानाध्यक्ष मसूद अहमद हैदरी के निर्देश पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन एफआइआर दर्ज नही हो सकी है। अब पीडि़ता अपने गांव चकई चली गई है। ग्रामीण दबंगों के डर से मुंह नही खोल रहे हैं। हालांकि, जोकीहाट थानाध्यक्ष मसूद अहमद हैदरी का कहना है कि मामले को ले दोनों पक्षों में सुलह हो गई है।