बहन के गालों पर दही लगाने पर भड़का भाई, मनचले ने पीट-पीटकर की हत्या
श्राद्ध के भोज के दौरान लड़की के गाल पर एक मनचले के दही लगा देने से उत्पन्न विवाद में एक युवक की जान चली गई। घटना का विरोध करने पर लड़की के भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
अररिया। श्राद्ध के भोज के दौरान लड़की के गाल पर एक मनचले के दही लगा देने से उत्पन्न विवाद में एक युवक की जान चली गई। घटना का विरोध करने पर लड़की के भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
घटना जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के रामघाट कोसकापुर पंचायत में बीती रात हुई। इसके बाद से आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामघाट कोसकापुर में अनिरुद्ध यादव के घर पर श्राद्ध के भोज में संतोष यादव ने बंटी यादव की बहन को दही परोसने के साथ उसके गालों पर दही लगा दिया। उसके साथ चीनी परोस रहे बंटी यादव ने इसका कड़ा विरोध किया। इसपर संतोष व बंटी में हाथापाई होने लगी। संतोष ने बंटी की बुरी तरह पिटाई कर दी।
पिटाई के क्रम में संतोष ने बंटी को धक्का दे दिया, जिससे उसके सिर का पिछला भाग दीवाल से टकरा गया। गंभीर रूप से जख्मी हो जाने से बंटी की मौके पर ही मौत हो गई।
बंटी यादव के पिता नरेश यादव ने इस घटना को लेकर नरपतगंज थाने में आवेदन देकर संतोष यादव तथा जयकृष्ण यादव पर पुत्र को पीट-पीट कर जान से मार डालने का आरोप लगाया है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है।