अवैध वसूली का विरोध करने पर मुलाकातियों की पिटाई
अररिया, संसू: अवैध वसूली का विरोध करने पर शनिवार को मंडल कारा सुरक्षा में लगे जवानों ने कैदी के परिज
अररिया, संसू: अवैध वसूली का विरोध करने पर शनिवार को मंडल कारा सुरक्षा में लगे जवानों ने कैदी के परिजनों में जमकर पिटाई कर दी। परिजनों की पिटाई होते देख आरटीआई कार्यालय में उपस्थित दर्जनों लोगों ने जेल के बाहर हंगामा मचाने का प्रयास किया लेकिन कुछ बुद्धिजीवियों के पहल के बाद हंगामा पर उतरे लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। इसी क्रम में बगल से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता जोकीहाट निवासी जब्बाद आलम ने सुरक्षा कर्मियों से बिना वजह मारपीट करने का विरोध किया तो उन्हें दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जेल में अंग्रेजी हुकूमत है। सुरक्षा गार्ड से लेकर जेल कर्मियों तक अवैध वसूली में लगे हैं। लेकिन किसी भी बड़े अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट नही हो रहा है।
क्या कहते हैं पीड़ित परिजन
कैदी के पुत्र मजहर आलम ने बताया कि उनके पिता मो. वशीर एक मामले में जेल में बंद है। वह अपनी मां मैमून खातून, बहन गुलशन खातून एवं पत्नी नगमा खातून के साथ अपने पिता से वकालतनामा पर हस्ताक्षर कराने के लिए कारा गये थे। कारा पहुंचते ही बाहर में लगे सुरक्षा कर्मियों ने उससे राशि की मांग की। उन्होंने दो जगहों पर राशि दी। जब तीसरी बार अवैध राशि की मांग की तो उनलोगों ने विरोध किया। इसी बात पर बाहर खड़े सुरक्षा गार्ड उनलोगों पर लाठियों बरसाने लगे। उनलोगों ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों नें महिला को भी नही बख्सा। उनकी मां व बहन को बुरी तरह से मारपीट की गयी।
क्या कहते हैं जेल अधीक्षक
जेल अधीक्षक ने भी मारपीट करने की पुष्टि की है। लेकिन उन्होंने बताया कि परिजनों के पास वोटर आई कार्ड नही था। बिना वोटर आई के ही परिजन कैदी से मिलने के लिए सुरक्षा कर्मियों से बहस पर उतर आये थे।