देश के विकास के लिए नेताजी जैसे जोश की जरूरत: डीएम
अररिया, संसू: नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के मौके पर शुक्रवार को सुभाष चौक स्थित उनके प्रतिमा स्थल
अररिया, संसू: नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के मौके पर शुक्रवार को सुभाष चौक स्थित उनके प्रतिमा स्थल पर नगर परिषद प्रशासन की ओर से नेताजी का जन्म दिन समारोह पूर्वक आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी नरेन्द्र कुमार सिंह शामिल हुए। सर्वप्रथम उनके नेतृत्व में लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर फूल-माला चढ़ाया तथा उन्हें नमन किया। इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी निरंजन शर्मा ने लोगों का स्वागत अपने संबोधन के जरिए किया। वहीं डीएम श्री सिंह ने कहा कि जिस प्रकार नेताजी ने जोश व जज्बे के साथ देश की सेवा की थी, उसी प्रकार आज समाज के वंचित लोगों को मुख्य धारा में लाने का जोश हम सब दिखाएं। उन्होंने इस अवसर पर जिला को विकसित करने तथा शहर में स्थापित स्मारकों के सौंदर्यीकरण में जन सहयोग की अपेक्षा की। जबकि नप की मुख्य पार्षद अफसाना परवीन ने नेताजी के नारे तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा को आत्मसात कर शहर के विकास में लोगों से सहयोग मांगा। वहीं उप मुख्य पार्षद गौतम साह ने कहा कि नेताजी का नाम जुबान पर आते ही मन में देश सेवा की भावना जागृत हो जाती है। श्री साह ने कहा कि नेताजी प्रतिमा स्थल का जल्द ही जीर्णोद्धार कराया जाएगा। पूर्व विधायक विनोद राय ने नेताजी के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहर में रेणू कूंज, अंबेडकर प्रतिमा स्थल, कारगिल पार्क आदि कई धरोहर उपेक्षित है, जिसे सुंदर बनाने की आवश्यकता है। सामाजिक कार्यकर्ता नंदमोहन मिश्र ने कहा कि कठिन प्रयास के बाद सहारा श्री से यह प्रतिभा स्थापित कराया गया था। श्री मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका के पूर्व चैयरमैन हंसराज प्रसाद के हाथों इसका अनावरण हुआ था। समारोह को वरिष्ठ अधिवक्ता ताहा ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन स्थानीय दुकानदार अनिल मिश्रा ने किया। मंच संचालन का दायित्व डा. एके झा ने निभाया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी भोला राम, एडीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, कर्मचारी अनंत झा, रणवीर पासवान, वार्ड पार्षद शशि भूषण झा, शीतल मंडल, रितेश राय, नारायण पासवान सहित नप के कई कर्मी मौजूद थे।