दिवाली पर अररिया में हुई रंगीन रोशनी की वर्षा
अररिया, जागरण संवाददाता: प्रकाश पर्व दीपावली पर रविवार की रात अररिया में उत्साही श्रद्धालुओं ने प्रक
अररिया, जागरण संवाददाता: प्रकाश पर्व दीपावली पर रविवार की रात अररिया में उत्साही श्रद्धालुओं ने प्रकाश की मस्ती का भरपूर आंनद लिया। पूरा शहर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर उन्हें त्यौहार की बधाई दी और पर्व के मौके पर मिठाईयों खायी।
एडीबी चौक
एडीबी चौक पर इस बार पटाखों की आवाज कम थी, लेकिन पूरा चौराहा रंगीन झूमर की रोशनी से नहा रहा था। कई लोगों ने कंप्यूटराइज्ड उपकरण लगा रखे थे, जिनसे चक्कर काट कर निकल रही रंगीन रोशनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। यहां आसपास के मकानों पर दीपों की लड़ी सजायी गयी थी तथा सारे दुकान रंगीन रोशनी में जगमग कर रहे थे। दीवाली का उत्साह चरम पर नजर आया।
काली मंदिर चौक
शहर के काली मंदिर चौराहे पर दीवाली की दृश्यावली अपने भव्य स्वरूप में साकार हो रही थी। गगनचुंबी काली मंदिर खूबसूरत रंगीन रोशनी की लहरें उड़ेल रहा था तो आसपास की सारी दुकानों में धन की देवी लक्ष्मी की पूजा को लेकर लोग व्यस्त थे। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने काली मंदिर में आयोजित पूजा व महाभोग में हिस्सा लिया तथा पवित्र प्रसाद ग्रहण किया। काली मंदिर के आसपास वार्ड नंबर 13, 14, 22 व 23 में दीवाली का सौंदर्य देखते ही बनता था। मंदिर के आयोजनों के कारण चौराहे से चांदनी चौक तक जाने वाली सड़क पर मेले का नजारा था।
महावीर रोड
शहर के मारवाड़ी पट्टी मुहल्ले में दीवाली का त्यौहार अपने पूरे शबाब पर नजर आया। यहां पटाखों की गूंज सुनायी दी, लेकिन पिछली बार की तुलना में कम। खूबसूरत बाबोसा मंदिर रंगीन रोशनी से नहा रहा था और आसपास के लोग दीवाली का जश्न मनाने में मशगूल थे। लोगों के उत्साह व रंगीन रोशनी की जगमगाहट के बीच यहां पटाखों की आवाज भी गूंजी।
चांदनी चौक व हाट बाजार रोड
इन स्थानों पर पर्व को ले व्यवसाय चरम पर दिखा, लेकिन रोशनी की बारिश भी होती नजर आयी।
इसके अलावा, आश्रम रोड, शिवपुरी, ओमनगर, जयप्रकाशनगर, माता स्थान भगत टोला आदि मुहल्लों में भी दीवाली का अपार उत्साह व रंगीन प्रकाश की भरपूर सजावट नजर आयी।