अररिया:दो करोड़ के एमएसडीपी घोटाले का आरोपी बीडीओ गिरफ्तार
अररिया, संसू: अररिया प्रखंड क्षेत्र के एमएसडीपी योजना की दो करोड़ नौ लाख राशि के घपले में तत्कालीन बीडीओ नागेन्द्र पासवान को अररिया पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी समस्तीपुर स्थित उनके आवास से की गयी। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को उन्हें न्यायालय भेजा गया, लेकिन न्यायालय ने उन्हें मुक्त कर दिया। पांच दिन पूर्व ही जिला जज के न्यायालय से उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गयी थी।
मौके पर एएसपी राजीव रंजन ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गयी है इस बात की जानकारी पुलिस को नहीं थी।
क्या है एमएसडीपी घोटाला
वित्तीय वर्ष 2011-12 के तहत अररिया प्रखंड में 93 पंचायतों में आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इन भवनों का निर्माण एमएसडीपी योजना से करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए छह पंचायत सचिवों को अभिकर्ता बनाया गया। उन्हें भवन निर्माण के लिये राशि का भी आवंटन कर दिया गया। लेकिन भवन नहीं बने और राशि की निकासी हो गयी। कहीं आधे अधूरे भवन का निर्माण कराया गया तो कहीं आज तक शिलान्यास भी नहीं हुआ।
कैसे हुआ खुलासा
लोक सभा चुनाव के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी अजय कुमार चौधरी की नजर एमएसडीपी योजना के क्रियान्यवन पर पड़ी। गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर उन्होंने एसडीओ संजय कुमार के माध्यम से योजना की जांच करायी। जांच के क्रम व्यापक पैमाने पर अनियमितता उजागर हुई। अनियमितता उजागर होने के बाद डीएम के निर्देश पर वर्तमान बीडीओ मधु कुमारी ने तत्कालीन बीडीओ, दो कनीय अभियंता एवं छह पंचायत सचिव के विरूद्ध सरकारी राशि बंदरबांट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
कैसे हुई गिरफ्तारी
एसपी विजय कुमार वर्मा के निर्देश पर सदर थाना के एसएचओ इंसपेक्टर मुकेश कुमार साहा के नेतृत्व में बीडीओ को गिरफ्तार करने के लिये एक टीम बनायी गयी थी। टीम पीएसआई उमेश कुमार, चन्द्र किशोर टुडू, मोबाइल टाइगर दस्ता के अमर किशोर सिंह राणा, संजय कुमार एवं नवीन कुमार शामिल किया गया। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि बीडीओ समस्तीपुर स्थित अपने आवास में है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम रात में समस्तीपुर के लिये विदा हुई। अहले सुबह बीडीओ को सोते हुये अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
ये सब हैं आरोपी
1. बीडीओ नागेन्द्र पासवान
2. कनीय अभियंता श्याम सुन्दर मिश्र
3. कनीय अभियंता उत्तम कुमार साह
4.पंचायत सचिव इंद्रकांत झा
5. पंचायत सचिव शेख रसूल उर्फ गुलाम
6. पंचायत सचिव बासुदेव मंडल
7. पंचायत सचिव बिजेन्द्र झा
8. पंचायत सचिव बीरेन्द्र कुमार झा
9. पंचायत सचिव तनजीलुर्रहमान