पुरुषों पर भारी पड़ी महिलाएं
कुंदन/अररिया: विपरीत मौसम के बीच मैला आंचल में लोकतंत्र फिर जीता। फिर से महिलाएं पुरुषों पर भारी पड़ी। शांतिपूर्ण माहौल में गुरुवार को संपन्न मतदान में 60.30 फीसद मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। इसमें 61.50 फीसद महिलाओं व 59.60 फीसद पुरुषों ने मतदान किये।
मतदान के दौरान चिलचिलाती धूप व तेज हवाओं के बीच उड़ते धूल रेणु की परती परी कथा को जीवंत कर रहे थे। दीगर है अब यहां बालू के टीले तो नहीं दिखते। लेकिन तेज हवाओं के बीच बालू का बवंडर यहां का इतिहास बता रहा था। तेज धूप से बीच सड़कों व मतदान केंद्रों पर उड़ते धूल प्रशासन को चिंतित कर रहे थे लेकिन मतदाताओं के हौसले हिमालय सरीखे दिख रहे थे। यही कारण रहा कि अफवाहों व विपरीत मौसम के बीच भी जमकर मतदान हुआ। खासकर युवा मतदाताओं व महिलाओं का जोश देखते ही बन रहा था। सुबह से ही युवा मतदाता बूथों पर जमे थे। अपने भविष्य, लोकतंत्र को लेकर बेहद संजीदा युवा वर्ग बदलाव व विकास की बात करता दिखा। संभवत: जिला प्रशासन व चुनाव आयोग के मतदान के प्रति लगातार जागरूकता अभियान का असर था कि लोग न सिर्फ घरों से निकले बल्कि घंटों लाइन में खड़े होकर मतदान भी किया।
तीन बूथ पर मतदान का हुआ बहिष्कार
मतदान के दौरान विकास के दावों की हवा भी निकलती दिखी। यह प्रशासन के लिए परेशानी का सबब भी बना। विकास के दावों के बीच तीन स्थानों पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। रानीगंज प्रखंड के बूथ संख्या 154 एवं सिकटी प्रखंड के बूथ संख्या 131 व 132 पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। हालांकि रानीगंज में प्रशासन ने लोगों ने बात कर मतदान डलवाने का प्रयास किया जबकि सिकटी उक्त बूथ पर बहिष्कार की खबर जिलाधिकारी तक पहुंची ही नहीं।
13 हुए गिरफ्तार, नौ गाड़ियां जब्त
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने को कटिबद्ध प्रशासन ने मतदान में बाधा और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में 13 लोगों को हिरासत में ले लिया। इसमें जोकीहाट के एक पूर्व मुखिया भी शामिल थे। जबकि रोक के बावजूद सड़क पर परिचालन करते छह दुपहिए वाहन जब्त किये गये। इसी प्रकार तीन चारपहिए वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिये। इसमें एक निर्दलीय प्रत्याशी का वाहन भी शामिल है। निर्दलीय प्रत्याशी सैयद अलमदार हुसैन के खिलाफ वाहन परिचालन को लेकर प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है।