मतदान में खूब उड़ी अफवाह
अररिया, संसू : मतदान के दौरान अफवाहों का बाजार भी खूब गरम रहा। कभी दो पक्षों में गोलीबारी तो कहीं मारपीट की अफवाह जोरों पर रही। इन अफवाहों ने लोगों के साथ अधिकारियों को भी खूब परेशान किया।
दिन के लगभग एक बजे नरपतगंज के कुछ इलाकों में अफवाह फैली कि बैरगाछी में दो पक्षों में गोलीबारी हो गयी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी। इस अफवाह ने ऐसा जोर पकड़ा कि संवाददाताओं के फोन घनघनाने लगे। लोग इस खबर की पुष्टि करना चाह रहे थे। जब संवाददाताओं से पुष्टि नहीं हुई तो लोगों ने कंट्रोल रूम और अधिकारियों को फोन करना शुरू कर दिया। हालांकि यह पूरी तरह अफवाह ही थी। लगभग एक घंटे तक लोग परेशान रहे। इसके बाद अफवाह फैली कि नरपतगंज के एक बूथ पर दो पक्षों के बीच भिड़ंत हो गयी। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को मतदान केंद्र से मारपीट कर बाहर कर दिया। हालांकि यह खबर भी पूरी तरह झूठ निकली।