सौ सीटों पर सिमट जाएगी कांग्रेस : रामविलास
जागरण न्यूज नेटवर्क, भागलपुर : लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने मंगलवार को कहा है कि कांग्रेस इस बार सौ सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी। नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। गोधरा कांड हुए 12 साल बीत चुके हैं लेकिन, कुछ नेता उसी को रट रहे हैं। जनता सब समझ रही है।
श्री पासवान बांका में भाजपा प्रत्याशी पुतुल कुमारी व अररिया के पलासी में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सिंह के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस बार बाइस्कोप दिखाने वाले नीतीश कुमार को मुंह की खानी होगी। लालू यादव के लालटेन का बुझना भी तय है। कहा कि क्षेत्रीय दल लोगों को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने नीतीश कुमार पर जम कर प्रहार करते हुए मिड डे मील में छिपकली, शराब की दुकान आदि पर हमला बोला। कहा कि नीतीश सभा में डी एरिया काफी दूर तक बनवाते हैं। उन्हें डर रहता है कोई चप्पल-जूता न फेंक दे। लालू लालटेन लेकर लोगों को फिर से अंधेरे में जीने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वे मंत्री थे, तब उन्होंने दावा किया कि मोबाइल बैगन के भाव बिकेगा। आज हर हाथ में मोबाइल फोन है। वाजपेयी शासनकाल की बड़ाई करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय देश में सड़कों का जाल बिछा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 वर्षो तक सत्ता में रह कर देश को लूटा है। जब चुनाव आता है तो कांग्रेस और लालू हिन्दू-मुसलमान का राग अलापते हैं। मौके पर विधानसभा में विपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि देश की बदहाली के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। नमो का नाम सुनते ही लालू व नीतीश के पेट में दर्द होने लगता है। सपने में भी वे नमो को देखते हैं। श्री यादव ने कहा कि ये दोनों भ्रष्टाचार में डूबे मां-बेटे के कांग्रेसी सरकार की मदद करना चाह रहे हैं। नमो ने चाय बेची, देश नहीं बेचा। अररिया की सभा को सिकटी विधायक आनंदी यादव ने भी संबोधित किया।