हुंडई ग्रैंड i10 फेसलिफ्ट जल्द होगी लॉन्च, जानें फीचर्स और कीमत
हुंडई ग्रैंड i10 फेसलिफ्ट का नया अवतार 2017 के पहली तिमाही में ही भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा
नई दिल्ली: मारुति जल्द ही अपनी नई जनरेशन स्विफ्ट को अगले साल फेस्टिव सीज़न में लॉन्च करने जा रही है। अपने सेगमेंट में मारुति की यह कार सबसे दमदार और कामयाब कार मानी जाती है। वहीं, स्विफ्ट को टक्कर देने के लिए हुंडई भी पीछे हटने का नाम नहीं ले रही। हुंडई सेम सेगमेंट में स्विफ्ट की टक्कर में अपनी ग्रैंड i10 का फेसलिफ्ट अवतार उतारने जा रही है।
हुंडई ग्रैंड i10 फेसलिफ्ट का नया अवतार 2017 के पहली तिमाही में ही भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा। गौरतलब हो कि ग्रैंड i10 के फेसलिफ्ट अवतार को हालही में यूरोप में पेश किया गया था। यूरोप में यह कार जल्द बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। आपको बता दें कि हुंडई ग्रैंड i10 फेसलिफ्ट को नेक्स्ट जनरेशन मारुति स्विफ्ट से पहले भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा। वहीं, लॉन्च के बाद इसका मुकाबला मारूति सुज़ुकी स्विफ्ट के साथ, फोर्ड की फीगो और होंडा ब्रियो से भी होगा।
डिजायन
फेसलिफ्ट हुंडई ग्रैंड आई-10 को कंपनी की फ्लुडिक स्कल्प्चर 2.0 डिजायन थीम पर तैयार किया गया है। इसके आगे की तरफ नई कास्केडिंग ग्रिल दी गई है, जो हुंडई मॉडल से मिलती-जुलती है। ग्रिल में सर्कुलर डे-टाइम रनिंग एलईडी लाइट लगी है। प्रोजेक्टर हैडलैंप्स नई एलांट्रा से मिलता-जुलता है। संभावना है ये दोनों अपडेट भारत आने वाली फेसलिफ्ट ग्रैंड आई-10 में भी नज़र आएंगे। पीछे की तरफ इसमें नए ड्यूल-टोन बम्पर के साथ सर्कुलर फॉग-लैंप्स और आगे जैसे डीआरएलएस दिए गए हैं। इसमें ऊंचे टेललैंप्स और नए अलॉय व्हील भी नजर आएंगे।
केबिन और फीचर
केबिन पुरानी ग्रैंड आई-10 से मिलता-जुलता है। हुंडई ने यूरोपियन वर्जन के डैशबोर्ड और नई अपहोल्स्ट्री में नए रेड कलर शेड का इस्तेमाल किया है। जबकि पुराने मॉडल में ब्लू और ब्लैक कलर के विकल्प मौजूद हैं। इस मामले में यह देश में मौजूदा आई-20 एक्टिव से मिलती-जुलती है। हालांकि भारत आने वाली फेसलिफ्ट ग्रैंड आई-10 में यह विकल्प नहीं मिलेगा।
हुंडई ने यूरोपियन वर्जन में सात इंच का टचस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम दिया है, जो एपल कारप्ले और गूगल एंड्रॉयड ऑटो सपोर्ट करता है। संभावना है कि भारत में ग्रैंड आई-10 फेसलिफ्ट को टचस्क्रीन यूनिट तो मिलेगी, लेकिन यहां इसमें एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो की सुविधा नहीं मिलेगी। चर्चाएं हैं हुंडई इसमें एक्सेंट वाला क्लाइमेट कंट्रोल यूनिट भी दे सकती है। कार के बाकी फीचर पुराने वर्जन वाले ही होंगे।
सेफ्टी फीचर की बात करें तो हुंडई पहले से ही इसमें ड्राइवर एयरबैग स्टैंडर्ड देती आई है, जबकि टॉप वेरिएंट में फ्रंट एयरबैग और एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (एबीएस) का विकल्प भी मिलता है। फेसलिफ्ट ग्रैंड आई-10 में एबीएस और ड्यूल एयरबैग स्टैंडर्ड दिया जा सकता है।
इंजन
- इसे मौजूदा ग्रैंड आई-10 वाले ही इंजन मिलेंगे। इसके पेट्रोल वेरिएंट में 1.2 लीटर का इंजन मिलेगा, जो 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस होगा।
- पेट्रोल इंजन इंजन 81bhp की पावर के साथ 114nm का टॉर्क जनरेट करेगा।
- वहीं, डीज़ल वेरिएंट में 1.1 लीटर का इंजन मिलेगा, जो 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस होगा।
- यह इंजन 70bhp की पावर के साथ 160nm का टॉर्क जनरेट करेगा।
i10 फेसलिफ्ट के मॉडल्स और उनकी अनुमानित कीमतें
मॉडल | अनुमानित कीमत (पेट्रोल) | अनुमानित कीमत (डीज़ल) |
Era | 5.15 लाख रुपए | 6 लाख रुपए |
Magna | 5.42 लाख रुपए | 6.30 लाख रुपए |
Sportz | 5.68 लाख रुपए | 6.75 लाख रुपए |
Asta | 7.15 लाख रुपए | 7.35 लाख रुपए |
माइलेज
वेरिएंट | माइलेज |
हुंडई ग्रैंड i10 पेट्रोल मैनुअल | 8.40kmpl |
हुंडई ग्रैंड i10 पेट्रोल ऑटोमैटिक | 17.10kmpl |
हुंडई ग्रैंड i10 डीज़ल मैनुअल | 22.93kmpl |