घोड़ी चढ़ने का था ख्वाब, पहुंचा हवालात
मनदीप कुमार, संगरूर
एक तरफा प्यार से शादी करने के चक्कर में युवक ने लड़की के परिजनों को झूठे केस में फंसाने के लिए आत्महत्या का ड्रामा रचा, लेकिन कामयाब न हुआ। प्यार मिलना तो दूर उल्टा झूठी सूचना देने व गुमराह करने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी साजिश में साथ देने वाले युवक के जीजा की भी पुलिस तलाश कर रही है।
शहर का रहने वाला धरमिंदर सिंह यहीं की एक लड़की से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की तैयार नहीं थी। आखिर उसने अपने जीजा के साथ मिलकर लड़की से परिवार पर दबाव डालने के लिए आत्महत्या का नाटक किया। 12 ंफरवरी को उसके पिता अवतार सिंह ने थाना सिटी संगरूर को सूचना दी कि उनके बेटे के खून से सने कपड़े जिला पटियाला में भाखड़ा नहर से मिले हैं। उन्हें शक है कि वरिंदर कुमार उर्फ हैप्पी (लड़की के पिता) ने उसका कत्ल कर दिया है। जबकि उसी समय वरिंदर कुमार उर्फ हैप्पी ने थाना सिटी आकर शिकायत दी कि सुखपाल सिंह निवासी लहरा (धरमिंदर सिंह का जीजा) ने उसके घर आकर मारपीट की। पुलिस ने दोनों मामलों में छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने 12 फरवरी को भाखड़ा नहर के पुल पर जाकर वहां मिले कपड़ों का बारीकी से मुआयना किया। वहां न तो कोई निशान मिले और न ही नहर में किसी के कूदने का कोई सुराग। पुलिस को मौके से धरमिंदर सिंह का लिखा सुसाइड नोट भी मिला। सुसाइड नोट में उसने वरिंदर कुमार उर्फ हैप्पी को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया था। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने उसी रात जब युवक के घर पर दबिश दी तो वह वहीं मिल गया।
एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर के अनुसार दूसरी तरफ जांच में वरिंदर सिंह की ओर से लगाया गया मारपीट का आरोप भी सही पाया गया। पुलिस ने धरमिंदर सिंह व सुखपाल सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया है कि वह लड़की के परिवार पर दबाव डालकर उससे शादी करना चाहता था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर